फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी मारुति सुजुकी कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक साधु को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के चौहान चौराहा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय रामू भारती पुत्र बासुदेव, जो साधु बताए जा रहे हैं, अपने एक साथी के साथ मारुति सुजुकी कार से जरियानपुर की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार अमृतपुर थाना क्षेत्र स्थित दयानंद इंटर कॉलेज के निकट पहुंची तो किसी आवश्यक कार्यवश उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और अपने साथी के साथ बातचीत करने लगे।
इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उपनिरीक्षक खूबेलाल ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रामू भारती पुत्र बासुदेव निवासी भगवान मोहल्ला, मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। साधु की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल देखने को मिला।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खड़ी कार में पीछे से डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, साधु की मौत, एक गंभीर घायल


