लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को डॉ . श्यामा प्रसाद मुख़र्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर डॉ . श्यामा प्रसाद मुख़र्जी सिविल हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित, अखंडता और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं।
पार्क रोड स्थित सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


