किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर चाचा पर हुआ था हमला, आरोपी को जेल भेजा गया
अमृतपुर/फर्रुखाबाद: बेटी की अस्मिता से खिलवाड़ और विरोध करने पर चाचा पर जानलेवा हमला करने के मामले में राजेपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव सीढ़ेचकपुर में एक किशोरी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके चाचा पर चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह ने प्रभावी पैरवी और सटीक सूचना के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 से संबंधित मुख्य आरोपी विन्दरपाल पुत्र पूरनलाल निवासी ग्राम सीढ़ेचकपुर, थाना राजेपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 333/74/109/352/351(2) बीएनएस 2023 तथा 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए क्षेत्र में कोई जगह नहीं है। कानून हाथ में लेने वाले और समाज में भय का माहौल पैदा करने वाले प्रत्येक आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।


