– सांसद आनंद भदौरिया ने खंभे पर चढ़कर फाड़ी होर्डिंग
सीतापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के खिलाफ शहर में लगाए गए पोस्टर एवं होर्डिंग को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। होर्डिंग की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और विरोध शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर अज्ञात लोगों द्वारा अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ स्लोगन लिखे पोस्टर एवं होर्डिंग लगाए गए थे। इसकी सूचना मिलने पर सपा सांसद आनंद भदौरिया मौके पर पहुंचे।
घटना के दौरान सांसद आनंद भदौरिया स्वयं खंभे पर चढ़ गए और विवादित होर्डिंग को फाड़ दिया। इस दौरान वहां मौजूद सपाइयों ने भी विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। होर्डिंग पर लिखे संदेशों को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखा गया।
सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) से करने की बात कही और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं का आरोप है कि अज्ञात व्यक्तियों ने जानबूझकर राजनीतिक माहौल खराब करने के उद्देश्य से यह पोस्टर और होर्डिंग लगाए हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और होर्डिंग लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


