42.6 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

जहानगंज में बेखौफ चोरों का आतंक, लगातार बड़ी वारदात से दहशत

Must read

दो लाख नकद समेत लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बीती रात ग्राम मधवापुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दो लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। खास बात यह है कि यह क्षेत्र में कुछ ही दिनों के भीतर हुई लगातार बड़ी चोरी की तीसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्राम मधवापुर निवासी कृपा शंकर पुत्र जगदीश चंद्र ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोर उनके घर की दीवार फांदकर अंदर घुस आए। इसके बाद चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखी आलू और मक्का बिक्री की दो लाख रुपये की नकदी, दो सोने की जंजीर, तीन सोने की अंगूठियां, तीन जोड़ी सोने की झुमकियां, दो मंगलसूत्र, दो चांदी की कमर पेटियां और दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर लीं।पीड़ित के अनुसार घटना के समय उनका भाई रंजीत बोलेरो वाहन लेकर बुकिंग पर बाहर गया हुआ था। वह स्वयं खेत के पास सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर की छत पर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे जब रंजीत वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारी-बक्सों का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। सूचना पर डायल 112 और थाना जहानगंज पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।
चिंता की बात यह है कि मधवापुर की यह घटना कोई अकेली वारदात नहीं है। इससे एक दिन पहले सिरोज गांव में भी एक पूर्व सैनिक के घर चोरों ने घर में धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। उस घटना का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। सिरोज और मधवापुर के बीच की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर बताई जाती है। लगातार दो दिनों में एक ही क्षेत्र में हुई इन बड़ी घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इतना ही नहीं, एक दिन पहले थाना जहानगंज से महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित जहानगंज चौराहे पर भी चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया था। चोरों ने दान मंडी के व्यापारी नरेंद्र तिवारी की घड़ी, बेल्ट, टॉर्च और लाइट आदि के सामान की दुकान में चोरी की थी। इसके अलावा रामसेवक श्रीवास्तव की कटिंग सैलून तथा राठौरा निवासी पुष्पेंद्र की साइकिल स्टोर में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। थाना परिसर के बेहद करीब हुई इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद चोरों का गिरोह सक्रिय बना हुआ है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती घटनाओं के बाद प्रभावी गश्त और सख्त कार्रवाई की जाती तो शायद बाद की वारदातों को रोका जा सकता था। क्षेत्र के लोग अब रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर चोरी की सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, सक्रिय चोर गिरोह को गिरफ्तार करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में असुरक्षा की भावना और अधिक बढ़ेगी। अब सभी की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि वह इन लगातार हो रही वारदातों पर अंकुश लगाकर लोगों का भरोसा बहाल कर पाती है या नहीं।सिरोंज में हुई चोरी की प्रकरण में पुलिस ने शक के आधार पर एक पारिवारिजन को भी उठाया है

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article