फर्रुखाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में योग खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाली 11 वर्षीय बालिका कीर्ति सिंह को सम्मानित किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह ने उन्हें प्रशस्ति देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कीर्ति सिंह, थाना जहानगंज में तैनात उपनिरीक्षक राकेश सिंह की पुत्री हैं। वह मूल रूप से जनपद आगरा की निवासी हैं तथा वर्तमान में कानपुर स्थित डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर में कक्षा 6 की छात्रा हैं। कम उम्र में ही उन्होंने योग खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कीर्ति सिंह ने वर्ष 2023 में आयोजित चौथी राज्य योग चैंपियनशिप कानपुर में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद वर्ष 2024 में पांचवीं कानपुर योग चैंपियनशिप तथा चौथी राष्ट्रीय योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वर्ष 2025 में छठी राज्य योग चैंपियनशिप, पांचवीं राज्य योग चैंपियनशिप और इंटर ओपन स्कूल योग चैंपियनशिप में लगातार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्ष 2026 में आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक प्राप्त कर उन्होंने प्रदेश और अपने परिवार का गौरव बढ़ाया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस विभाग द्वारा किए गए इस सम्मान से कीर्ति सिंह और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।


