रविवार सुबह गांव से 200 मीटर दूर पड़ा मिला शव
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ चौकी के ग्राम लीलापुरवा में शनिवार की शाम दिल्ली से घर लौट रहे एक युवक की गांव के बाहर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर पड़ा मिला।
युवक के चेहरे और सिर को बुरी तरह कुचला गया था। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों के अनुसार मानीमऊ चौकी के लीलापुरवा गांव का सचिन दोहरे उम्र 20 वर्ष पुत्र श्रीराम करीब एक माह पहले रोजगार के लिए दिल्ली गया था। वह शनिवार की शाम घर लौट रहा था लेकिन घर पहुंचने से पहले गांव के बाहर उसकी हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर पड़ा मिला।
पुलिस को शुरुआती जांच में जानकारी मिली है कि उसका गांव की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। परिजन इस रिश्ते से नाराज थे। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति थी।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। परिजनों ने जो आरोप लगाया है एवं साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर निगरानी कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।


