विपिन सिंह
– शीलचंद्र राजपूत नें दिया योग के फायदों का सन्देश
कमालगंज, फर्रुखाबाद । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खंड विकास कार्यालय परिसर कमालगंज में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक कर्मचारियों, कस्बा क्षेत्र के नागरिकों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख शीलचंद्र वर्मा ने की। इस दौरान खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा, एडीओ पंचायत शैलेन्द्र त्रिपाठी, शिव कुमार गोयल, मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, बबलू चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का कार्य करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्ति प्राप्त करता है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश की विभिन्न प्रख्यात हस्तियों ने भी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उनका कहना था कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। स्वस्थ जीवन सबसे बड़ा धन है और योग इसके लिए एक प्रभावी माध्यम है।
गौरतलब है कि 21 जून उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है। इस दिन सूर्य की ऊर्जा का प्रभाव अधिक माना जाता है। भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की थी। तब से पूरे विश्व में इस दिन योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।


