सीतापुर। जनपद के नेमिषारण्य थाना क्षेत्र के खेवटा रामपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर एक पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव एक ही दुपट्टे के फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान गांव निवासी 21 वर्षीय प्रेयवंश और 17 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। रजनी का तिलक समारोह फरवरी माह में हो चुका था और आगामी नवंबर में उसकी शादी तय थी। इसी बीच शुक्रवार शाम दोनों अपने-अपने घरों से बिना बताए निकल गए। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत के पास स्थित एक पेड़ पर दोनों के शव एक ही फंदे से लटके हुए पाए गए। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और पूरे गांव में शोक व सनसनी का माहौल बन गया।
घटना को और भी रहस्यमय बनाने वाली बात यह रही कि युवती की मांग सिंदूर से भरी हुई थी। घटनास्थल के पास से पुलिस को सिंदूर की डिब्बी और बिंदी का एक पत्ता भी बरामद हुआ है। इससे आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले दोनों ने विवाह जैसा कोई प्रतीकात्मक कदम उठाया होगा। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर नेमिषारण्य थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाए जाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग प्रेमी-प्रेमिका की असामयिक मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।


