– आईएएस विवेक अग्रवाल की नियुक्ति से बढ़ी वैश्विक साख
भारत को वैश्विक वित्तीय सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी प्रयासों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। पहली बार भारत को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ ) में उपाध्यक्ष का पद मिला है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल को जुलाई 2026 से जून 2027 तक FATF का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और मनी लॉन्ड्रिंग तथा आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विवेक अग्रवाल वर्तमान में एफएटीएफ में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और वित्तीय अपराधों की रोकथाम से जुड़े मामलों में उनका व्यापक अनुभव रहा है।
एफएटीएफ विश्व की सबसे महत्वपूर्ण अंतर-सरकारी संस्था है, जो मनी लॉन्ड्रिंग, आतंकवाद वित्तपोषण और सामूहिक विनाश के हथियारों के प्रसार से जुड़े वित्तपोषण को रोकने के लिए वैश्विक मानक निर्धारित करती है। इसके दिशा-निर्देशों का पालन दुनिया के अधिकांश देश करते हैं और इसकी रिपोर्टों का अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एफएटीएफ के उपाध्यक्ष पद पर भारत की उपस्थिति से वैश्विक वित्तीय अपराधों के खिलाफ नीतिगत निर्णयों में देश की भूमिका और प्रभाव बढ़ेगा। साथ ही विकासशील देशों की चिंताओं और दृष्टिकोण को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अधिक मजबूती से रखा जा सकेगा।
यह उपलब्धि ऐसे समय में मिली है जब भारत वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में उसकी भागीदारी तथा नेतृत्व क्षमता को व्यापक स्वीकार्यता मिल रही है।


