36 C
Lucknow
Saturday, June 20, 2026

कर वसूली में पिछड़े विभागों पर डीएम सख्त

Must read

– वाणिज्य कर समेत कई विभागों को नोटिस के निर्देश

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही राजस्व वसूली की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों तथा प्रवर्तन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग की राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष अत्यंत कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। वहीं आबकारी विभाग की वसूली संतोषजनक पाई गई।

बैठक में मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज की मासिक राजस्व वसूली भी अपेक्षाकृत कम मिलने पर चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग एवं परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक बताई गई।

प्रवर्तन कार्यों में अपेक्षित सक्रियता न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग तथा मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस के विभिन्न पैरामीटरों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बिंदुओं पर प्रगति अपेक्षित है, उनमें तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article