अमृतपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुइया में सोमवार देर रात दो डांस कलाकारों को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। पुलिस की जांच में दोनों युवक निर्दोष पाए गए।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर निवासी एक युवक तथा राजेपुर क्षेत्र का उसका साथी शादी-विवाह समारोह में प्रस्तुति देने के लिए जा रहे थे। रास्ते में दोनों युवक एक बिजली के खंभे की रोशनी में कार्यक्रम के लिए तैयार हो रहे थे।
रात के समय उनकी गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस तथा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को थाने ले गए। एसओजी टीम ने भी पूछताछ की।
करीब दो घंटे चली जांच के बाद युवकों की पहचान सत्यापित हुई और यह स्पष्ट हो गया कि वे सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे कलाकार हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।


