नवाबगंज। थाना क्षेत्र के वेग गांव निवासी 45 वर्षीय अवनीश यादव उर्फ बबलू की मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह सादिकपुर स्थित एक रिफाइनरी फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद साइकिल से घर लौटते समय फैक्ट्री के बाहर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
जानकारी के अनुसार अवनीश यादव सुबह करीब पांच बजे अपनी शिफ्ट समाप्त कर घर के लिए निकले थे। फैक्ट्री से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर मौजूद दूसरे चौकीदार ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
एसआई सत्य नारायण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी बरौन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना गांव कांधेमई के प्रधान रिंकू के माध्यम से परिजनों को दी गई। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजन शव को लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए और शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
बाद में जिला पंचायत सदस्य यशबीर सिंह, मदन मोहन चतुर्वेदी तथा राजेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ वार्ता के बाद मामला शांत हुआ।
मृतक के भाई सरनेश उर्फ रिंकू की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
अवनीश यादव अपने पीछे पिता मलिखान, माता स्वदेशी, पत्नी रेखा देवी, चार पुत्र आशीष, विकास, अभिषेक और ऋषभ सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


