थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, टमटम और मैजिक वाहनों पर कार्रवाई की मांग
ब्यूरो, पीलीभीत।
नगर में टमटम और मैजिक वाहनों की अवैध पार्किंग से उत्पन्न हो रही यातायात व्यवस्था की समस्या तथा व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बरखेड़ा के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।नगर अध्यक्ष प्रिन्स भारद्वाज बजरंगी के नेतृत्व में व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर बताया कि नगर के मुख्य बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर टमटम और मैजिक वाहनों की अव्यवस्थित एवं अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल व्यापारियों के व्यवसाय पर असर पड़ रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने मांग की कि नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा निर्धारित स्थानों पर ही वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। थाना प्रभारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।ज्ञापन देने वालों में नगर महामंत्री उत्तम अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज सक्सेना, मीडिया प्रभारी रेहान अंसारी, नगर उपाध्यक्ष बंटू शर्मा, नगर उपाध्यक्ष रामकिशन भोजवाल, सन्नी गोपाल, प्रदीप सक्सेना, सुबूल अंसारी, सुमित भारद्वाज, सुनील वर्मा, जगदीश भोजवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


