फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान जहां विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए, वहीं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को फटकार भी लगाई गई।
बैठक में कृषि विभाग, एनआरएलएम, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मत्स्य विभाग, श्रम विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार की सहायता और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कृषकों को कृषि यंत्र, किसान ड्रोन तथा अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए, जबकि स्वयं सहायता समूहों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जननी सुरक्षा योजना की खराब रैंकिंग पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने नव तैनात मुख्य चिकित्साधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी माह तक स्थिति में सुधार दिखाई देना चाहिए। साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों की जवाबदेही तय करने और कार्य संस्कृति में बदलाव लाने पर जोर दिया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संकिसा सीएचसी में बाउंड्रीवाल निर्माण और एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति का मुद्दा रखा, जबकि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़कों की खुदाई के बाद रेस्टोरेशन कार्य लंबित रहने की शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी मंत्री ने इन मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की गुणवत्ता को लेकर भी प्रभारी मंत्री गंभीर नजर आए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर रेस्टोरेशन कार्य अधूरा रहने के बावजूद कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर जिलाधिकारी को विशेष जांच टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
सड़क और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी में पाई गई कमियों को 30 जून तक दूर करने का निर्देश दिया गया। वहीं बेवर-इटावा मार्ग पर मझोला नहर के निकट अधूरे पड़े मार्ग को एक माह के भीतर पूरा करने के आदेश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत परियोजनाओं की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने को कहा गया।
बैठक में बैंकों के वर्षों से निष्क्रिय खातों में जमा धनराशि को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को ऐसे खाताधारकों की पहचान कर उनकी केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा में लोहिया चिकित्सालय में निर्मित ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र संचालित कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री ने सभी आवश्यक एनओसी प्राप्त कर अगले सप्ताह तक ट्रॉमा सेंटर स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने और चिकित्सकों व स्टाफ की मांग तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए।
विद्युत, पर्यटन और सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए नई कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने, पांचाल घाट द्वितीय चरण परियोजना को 1 जुलाई से शुरू कराने तथा नलकूप विभाग के कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, अमृतपुर, भोजपुर, सदर और कायमगंज के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


