लखनऊ। राजधानी के पीजीआई क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। हत्या को अंजाम देने वाले दो शूटरों और सुपारी लेने वाले मुख्य आरोपी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर घोषित इनाम के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह हत्याकांड उस समय सुर्खियों में आया था जब बाइक सवार शूटरों ने संदीप सिंह को गोलियों से भून दिया था। वारदात की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके बाद पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच में सामने आया कि हत्या कोई आकस्मिक घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की सुपारी अंबेडकरनगर के एक बदमाश को दी गई थी, जिसने अपने जिले के ही पेशेवर शूटरों के माध्यम से वारदात को अंजाम दिलाया।
मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस ने हत्या की साजिश रचने के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दिनेश पर हत्या की योजना तैयार करने और शूटरों तक पहुंच बनाने का आरोप है। उसके साथ उसके चालक मुबीन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हालांकि हत्या को अंजाम देने वाले शूटर अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इसी कारण पुलिस प्रशासन ने फरार दो शूटरों और सुपारी लेने वाले आरोपी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
लखनऊ पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। कई जनपदों में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


