फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि 9 जून की दोपहर जब घर में महिलाएं मौजूद नहीं थीं, तभी गांव का एक युवक पीछे के रास्ते से घर में घुस आया। आरोप है कि उसने 15 वर्षीय भाई को रसोई में बंद कर दिया और युवती के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना से आहत और भयभीत युवती ने नशीला पदार्थ खा लिया। भाई के शोर मचाने पर परिजन पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग निकला। आरोप यह भी है कि जब परिवार शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचा तो वहां भी धमकियां दी गईं।
युवती की हालत बिगड़ने पर पहले उसे छिबरामऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी, जबकि घटना के समय उसके पिता दिल्ली में नौकरी पर थे।
घटना के बाद गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस बल रातभर गांव में तैनात रहा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशीला पदार्थ खाने से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
युवती की मौत से सनसनी, छेड़छाड़ और धमकी के आरोपों के बीच दो पर मुकदमा; गांव बना पुलिस छावनी


