44.5 C
Lucknow
Thursday, June 11, 2026

गोण्डा में मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार कार, बाइक टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, चार की दर्दनाक मौत

Must read

 

गोण्डा। बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोण्डा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई और उसके बाद घायलों को बचाने के लिए जुटे लोगों पर एक बेकाबू तेज रफ्तार कार कहर बनकर टूट पड़ी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित संतोष ढाबे के पास देर रात दो बाइक अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग और राहगीर घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सड़क खून से लाल हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर तड़पते रहे।

पुलिस के मुताबिक हादसे में गुलशन, मोहम्मद हसन, इम्तियाज और संजय की मौत हो गई। वहीं विनय, परवेज, अंशुमान सहित चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article