44.5 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

करोड़पति बनने का सपना पड़ा भारी, गोल्ड लोन लेकर गंवाए 15 लाख

Must read

– साइबर ठगों ने महिला से की लाखों की ठगी

नोएडा। ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला को करोड़ों रुपये कमाने का सपना दिखाकर लाखों की ठगी कर ली। ठगों ने पहले फर्जी निवेश वेबसाइट के जरिए महिला को अपने जाल में फंसाया, फिर नकली मुनाफा दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया। जब महिला पूरी तरह विश्वास में आ गई तो उससे लाखों रुपये निवेश करा लिए गए।
जानकारी के मुताबिक ठगों ने महिला को शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में वेबसाइट पर निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई गई, जिससे महिला को लगा कि उसका पैसा तेजी से बढ़ रहा है। इसी झांसे में आकर उसने लगातार निवेश करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि ठगों ने महिला की जानकारी का इस्तेमाल कर उसकी अनुमति के बिना करीब 44 लाख रुपये के शेयर खरीद लिए। जब महिला से इन शेयरों के भुगतान के लिए दबाव बनाया गया और उसने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार कर दिया तो उसे कानूनी कार्रवाई और खाते फ्रीज होने का डर दिखाया गया।
साइबर अपराधियों की धमकियों से घबराकर महिला ने गोल्ड लोन लिया और करीब 15 लाख रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी ठगों की मांगें जारी रहीं। जब महिला को संदेह हुआ और उसने वेबसाइट की जांच की तो पता चला कि वेबसाइट अचानक बंद हो चुकी है और उसके संपर्क में रहने वाले लोग भी गायब हो गए हैं।
तब जाकर महिला को एहसास हुआ कि वह एक सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस से की है। पुलिस डिजिटल ट्रांजैक्शन, बैंक खातों और वेबसाइट से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के वर्षों में फर्जी ट्रेडिंग और निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। पहले निवेशकों को मामूली मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता जाता है और बाद में बड़ी रकम फंसाकर वेबसाइट बंद कर दी जाती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article