शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद से फरार है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव नीबलपुर निवासी गुड्डी देवी पत्नी ईश्वर दयाल ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र शिवराज किसी आवश्यक कार्य से शमशाबाद गया था। शाम के समय घर वापस लौटते समय मोहल्ला सैदबाड़ा निवासी ट्रैक्टर चालक अरुण कुमार ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए शिवराज को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया। वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष शमशाबाद सचिन चौधरी ने बताया कि घायल युवक की मां गुड्डी देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक अरुण कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से युवक घायल, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


