अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर बालवाटिका के बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां, भाषा विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति पर रहेगा जोर
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर योगी सरकार की ओर से मंगलवार को प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आओ सुनें-सुनाएं कहानी’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बालवाटिका के बच्चों को कहानी सुनाने और सुनने के माध्यम से सीखने का आनंद दिया जाएगा।
इस विशेष गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में भाषा विकास, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। कहानी सुनाने के बाद बच्चों से कहानी से जुड़े सवाल-जवाब किए जाएंगे, ताकि उनमें अपनी बात कहने और विचार व्यक्त करने का आत्मविश्वास विकसित हो।
अभियान के दौरान बच्चों को सुनी गई कहानी से प्रेरित होकर चित्र बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच मिलेगा और उनकी कल्पनाशक्ति को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान स्तर पर भी कहानी वाचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि कहानी बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भाषा सीखने, सवाल पूछने, कल्पना करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का सहज माध्यम भी है। ‘आओ सुनें-सुनाएं कहानी’ अभियान के जरिए बच्चों में सीखने के प्रति रुचि और रचनात्मकता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।


