चंदौली: चंदौली (Chandauli) जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे (Tragic train accident) में युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, हिनौता गांव निवासी आनंद कुमार अपने घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने युवक को ट्रैक के किनारे पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में होने के बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि आनंद कुमार काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी असमय मौत से गांव के लोग भी गमगीन हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि हादसे के बाद हिनौता गांव में मातम पसरा हुआ है।


