शिवपाल ने शंकराचार्य को दिया पूरा समर्थन
इटावा। समाजवादी पार्टी के गढ़ सैफई में शनिवार को गोरक्षा और गौ-संवर्धन का मुद्दा प्रमुखता से उभरा, जब ज्योतिषपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का सपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने मंच से कहा कि “हम यादववंशी लोग हैं, गाय हमारे लिए हमेशा से माता के समान रही है। गाय के संरक्षण और सुरक्षा के लिए जो भी संभव होगा, समाजवादी पार्टी और हम सभी करेंगे।”
कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी शंकराचार्य के गोरक्षा अभियान को खुला समर्थन देते हुए कहा कि “आपकी इस लड़ाई में हम पूरी मजबूती के साथ आपके साथ खड़े हैं।” उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने संबोधन में गोहत्या के मुद्दे को लेकर तीखी टिप्पणी की और कहा कि आर्थिक स्वार्थों के कारण गायों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने दोहराया कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की उनकी मुहिम लगातार जारी रहेगी।
सैफई में हुए इस कार्यक्रम को राजनीतिक गलियारों में खास महत्व से देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद सपा द्वारा धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर बढ़ती सक्रियता के बीच डिंपल यादव और शिवपाल यादव के बयानों ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।


