– केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर हमला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगी दलों की चुनावी पराजय और बदलते राजनीतिक समीकरणों से विपक्षी दलों में निराशा का माहौल है, जिसके कारण इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “आरजेडी और टीएमसी की चुनावी हार के बाद अखिलेश यादव तनाव में हैं। वर्ष 2027 में सत्ता में वापसी का उनका सपना टूट चुका है, इसलिए वे लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।”
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यों और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा 2027 के चुनाव में भी मजबूत स्थिति में रहेगी।
मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है और विकास तथा सुशासन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दों पर कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल बयानबाजी के सहारे राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रहा है।
उधर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और सपा के बीच बयानबाजी का दौर आने वाले समय में और तेज हो सकता है।


