– बोलीं- पकड़ सकते थे तो एनकाउंटर क्यों किया गया?
लखनऊ/गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने गाजीपुर में हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस संबंधित आरोपी को जीवित गिरफ्तार कर सकती थी, तो एनकाउंटर की आवश्यकता क्यों पड़ी।
डिंपल यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून और संविधान सर्वोपरि हैं तथा हर कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा नहीं चाहती कि प्रशासन पूरी तरह कानून के मुताबिक चले। कानून और नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि उनका पालन किया जाए।”
सपा सांसद ने कहा कि किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया का पालन होना आवश्यक है। यदि पुलिस के पास आरोपी को पकड़ने का अवसर था, तो फिर मुठभेड़ की स्थिति कैसे बनी, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में कई तरह के सवाल खड़े करती हैं और लोगों के बीच असंतोष बढ़ाने का काम करती हैं।
डिंपल यादव ने आगे कहा कि गलत घटनाओं से जनता के भीतर गुस्सा और अविश्वास पैदा होता है, इसलिए प्रशासन को पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


