फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री अभिलेखों और ऑनलाइन व्यवस्था की गहन जांच की गई।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान देशी शराब दुकान निसाई तथा कंपोजिट शॉप गैसिंहपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का सत्यापन किया गया तथा बिक्री अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने विभागीय टीम के साथ सातनपुर कोटा (क), सातनपुर कोटा (ख), सेंट्रल जेल चौराहा तथा हसनबाग सातनपुर मंडी स्थित मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया तथा स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीनों के माध्यम से की जा रही बिक्री, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी दुकानों पर बिक्री संबंधी अभिलेख अद्यतन रखे जा रहे हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही मदिरा का विक्रय किया जा रहा है। संबंधित अनुज्ञापियों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने कहा कि अवैध शराब के विरुद्ध शासन की “शून्य सहनशीलता” नीति के तहत जनपद में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकान या व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है अथवा अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


