प्रयागराज। साउथ मलाका क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। पुलिस इस बहुचर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों को लगाया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के एक कमरे से दफ्ती का एक टुकड़ा मिला है, जिस पर कथित रूप से लिखा था, “बंटी, बबली, बहू ने मारा है।” इस संदेश के मिलने के बाद जांच कई नई दिशाओं में आगे बढ़ रही है। पुलिस इस लिखावट की सत्यता, परिस्थितियों और उससे जुड़े संभावित संकेतों की गहन जांच कर रही है।
मामले में पुलिस की नजर परिवार के छोटे बेटे अश्विनी से जुड़े पहलुओं पर भी है। बताया जा रहा है कि अश्विनी वर्तमान में कौशाम्बी जेल में बंद है, जबकि उसकी कथित पत्नी ऋतु की तलाश तेज कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार ऋतु कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आई थी और अब जांच एजेंसियां उससे पूछताछ को महत्वपूर्ण मान रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस हत्याकांड की परतें पारिवारिक रिश्तों, पुराने विवादों और आपसी तनाव से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
घटनास्थल से मिले सुरागों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और पारिवारिक संबंधों की कड़ियों को जोड़कर पुलिस हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चल रही जांच में फोरेंसिक टीमों की मदद भी ली जा रही है।
चार लोगों की एक साथ हत्या ने इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द हत्याकांड के खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


