क्या विभागीय दबाव ,या अन्य मामले समेत सभी पहलुओं पर चर्चा, पुलिस जांच में जुटी
अमृतपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम राजेपुर राठौरी में मंगलवार सुबह एक पीआरडी जवान द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जवान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार राजेपुर राठौरी निवासी धीरेंद्र सिंह पुत्र जोगराज सिंह प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में जवान के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि इन दिनों उनकी ड्यूटी ट्रैफिक व्यवस्था में लगाई गई थी। मंगलवार सुबह उन्होंने घर के बाहर स्थित आम के पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जब काफी देर तक वह दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान उनका शव पेड़ से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना पीआरबी 5604 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी तथा आवश्यक पूछताछ की।घटना के बाद गांव और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों द्वारा विभागीय दबाव अथवा कार्य संबंधी तनाव को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो परिजनों की ओर से कोई स्पष्ट आरोप लगाया गया है और न ही पुलिस जांच में अभी तक ऐसा कोई तथ्य सामने आया है।
ग्रामीणों के अनुसार धीरेंद्र सिंह का व्यवहार सामान्य और मिलनसार था। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


