फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भूलनपुर निवासी 60 वर्षीय राजबहादुर कटेरिया बीते दिनों अपनी बेटी के घर गए थे। परिजनों के मुताबिक, वह घर लौटते समय कमालगंज जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह मेडिकल कॉलेज भोजपुर के पीछे रेलवे लाइन के किनारे एक शव पड़ा होने की सूचना रेलवे ट्रैकमैन ने ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान राजबहादुर कटेरिया के रूप में की और इसकी सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वृद्ध की मौत की सूचना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बताया कि राजबहादुर कुछ समय से चंडीगढ़ में नौकरी करते थे और हाल ही में गांव आए थे। घटनास्थल पर उनके सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि संभवतः ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वृद्ध की असामयिक मौत से गांव में शोक का माहौल है।


