बदायूं। जिले के प्रसिद्ध बड़े सरकार दरगाह परिसर में मारपीट की एक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। दरगाह परिसर में कथित तौर पर पिता-पुत्र द्वारा एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने व्यक्ति को जमीन पर गिराकर जमकर पीटा। वायरल वीडियो में भी मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसमें पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक महिला लगातार पीड़ित को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसकी अपील को नजरअंदाज कर मारपीट जारी रखी। महिला की चीख-पुकार और लोगों की भीड़ के बावजूद काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
दरगाह जैसे धार्मिक और सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्र में इस तरह की गुंडागर्दी कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


