नई दिल्ली: आज मई का आखिरी दिन है और कुछ मिंटो बाद जून का महीना शुरू होने जा रहा है। नया महीना अपने साथ कई बदलाव लेकर आ रहा है। 1 जून से एलपीजी सिलेंडर की कीमत (LPG Cylinder Price) से लेकर पेट्रोल-डीजल की कीमत (Petrol-diesel price), यूपीआई, एटीएम, आधार पर नया नियम लागू हो जाएगा। पेट्रोल-डीजल पर नया निर्यात शुल्क भी 1 जून से लागू होने वाला है। जबकि कार के शौकीनों पर भी महंगाई की मार पड़ने वाली है। इन बदलावों का आपकी जेब पर सीधा असर पड़ेगा। वहीं गृहणियों का बजट बिगड़ेगा।
पहला बदलाव: एलपीजी सिलेंडर को लेकर दो चेंज
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करती हैं। नए रेट्स (LPG Cylinder New Rates) जारी करती हैं। जून महीने की पहली तारीख को भी एलपीजी प्राइस में बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हाल के महीनों में काफी बढ़ोतरी की गई है। 9 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 2078 रुपये में मिल रहा है। वहीं 14 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 960 रुपये का मिल रहा है।
इसके अलावा वेस्ट एशिया संकट को देखते हुए लोगों को गैस की कोई दिक्कत नहीं आए, इसलिए कुछ अन्य खास बदलाव किए जा रहे हैं। इसमें से एक बदलाव 1 जून से लागू होने जा रहा है, जिसके तहत आपका रसोई सिलेंडर कनेक्शन कैंसिल हो सकता है। सरकार ने कहा है कि अगर पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, तो एलपीजी को सरेंडर करना होगा।
दूसरा बदलाव: Petrol-Diesel और ATF
जून महीने की पहली तारीख को हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF Price) में भी बदलाव करती हैं। इसमें आने वाले किसी भी उतार-चढ़ाव का सीधा असर हवाई यात्रा करने वाले लोगों की जेब पर पड़ता है। वेस्ट एशिया संघर्ष के चलते गहराए तेल संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के निर्यात (Petrol-Diesel New Export Duty) पर नए शुल्क लागू करने का फैसला किया है, जो 1 जून 2026 से प्रभावी होंगे।
तीसरा बदलाव: हवाई यात्रा होगी महंगी
ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी आई है। इस कारण विमान ईंधन यानी एटीएफ भी काफी महंगा हो गया है। इसका असर एयरलाइन कंपनियों पर पड़ रहा है। एयर इंडिया और इंडिगो 1 जून से घरेलू उड़ानों की संख्या में कटौती करने की तैयारी में है। यह कटौती 90 दिन तक रह सकती है। इससे आने वाले दिनों में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है।
चौथा बदलाव: कारें महंगी
कारों के शौकीनों पर 1 जून से महंगाई की तगड़ी मार पड़ने जा रही है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने बीते दिनों अपनी कारों की कीमतों में इजाफा करने का ऐलान किया था। नई कीमतें कल से लागू हो जाएगी। कंपनी ने अपने अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट की कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी का फैसला किया है।
पांचवां बदलाव:पीएफ के पैसे यूपीआई के जरिए निकालें
इस महीने में पीएफ के पैसे यूपीआई के जरिए निकलने की सुविधा शुरू हो सकती है।इसे लेकर ईपीएफओ की तरफ से तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसकी टेस्टिंग भी कई महीनों के बाद पूरी हो चुकी है। इस सुविधा के शुरू होने के बाद, आप Google Pay, PhonePe या Paytm जैसे ऐप्स के माध्यम से अपना पीएफ का पैसा सीधे अपने बैंक खाते में तुरंत ट्रांसफर कर सकेंगे।
छठा बदलावः Solar Panel से जुड़ा नियम
1 जून 2026 से सोलर पैनल के लिए अप्रूव्ड मॉडल और मैन्युफैक्चरर लिस्ट (ALMM List-II) मान्य होगी। इसके लागू होने से सरकारी स्कीम्स और अन्य तमाम सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल करना होगा, जो इस लिस्ट में शामिल होंगे।
सतवां बदलावः मुफ्त आधार अपडेट
ऑनलाइन आधार अपडेट की मुफ्त सुविधा भी जून में खत्म हो जाएगी। इसकी डेडलाइन 14 जून है। उसके बाद आधार में नाम, पता या दूसरी जानकारी अपडेट करने के लिए फीस देनी होगी। नए नियम के मुताबिक ऑनलाइन अपडेट पर 25 रुपये और आधार केंद्र में जाकर अपडेट कराने में 50 रुपये तक फीस लग सकती है।
आठवां बदलावः पैन के नियमों में बदलाव
1 जून 2026 से पैन कार्ड से जुड़े नियमों में भी बदलाव होगा। आयकर विभाग बड़े ट्रांजैक्शंस पर निगरानी बढ़ाने जा रही है। नए इनकम टैक्स नियम के तहत अब 50,000 रुपये से ज्यादा नकदी जमा करने पर पैन देना होता था, लेकिन अब यह शर्त हटा दी गई है। जबकि प्रॉपर्टी खरीद में भी पैन की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है।


