लखनऊ । भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे फर्रुखाबाद समेत पूरे कानपुर मंडल के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लखनऊ ने 29 और 30 मई 2026 के लिए “रेड अलर्ट” घोषित करते हुए तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि आने वाले 48 घंटे जनजीवन पर भारी पड़ सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र अमौसी, लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर नगर और कानपुर देहात में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। इसी वजह से गर्मी के साथ उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर लू का असर जारी रहने के साथ तेज अंधड़ और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
सबसे बड़ा खतरा 29 और 30 मई को माना जा रहा है। विभाग ने फर्रुखाबाद को “वार्निंग – टेक एक्शन ” श्रेणी में रखते हुए चेताया है कि इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। तेज आंधी और बारिश के चलते बिजली आपूर्ति, यातायात और कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।
मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों, टिन शेड और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित रखने और सिंचाई तथा छिड़काव का कार्य फिलहाल रोकने को कहा गया है।
आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 और पुलिस सहायता नंबर 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
मौसम संबंधी अपडेट के लिए आईएमडी की आधिकारिक वेबसाइट तथा ‘दामिनी ’ मोबाइल ऐप का उपयोग करने की अपील की गई है।


