अमृतपुर/फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव रतनपुर पमारान में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दवा लेने जा रहे एक युवक को रास्ते में रोककर जमकर मारपीट कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमैयापुर पश्चिमी निवासी रोहित पुत्र सर्वेश की तबीयत खराब थी। वह सुबह अपने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रतनपुर बाजार दवा लेने जा रहा था। आरोप है कि तभी पहले से घात लगाए बैठे रतनपुर पमारान निवासी संजय पुत्र रामपाल ने बाजार के पास पुलिया पर उसे रोक लिया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीच बाजार अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन तब तक दोनों युवक चोटिल हो चुके थे।
घटना के दौरान मौजूद किसी युवक ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के बीच मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भी किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। उसी पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार को फिर दोनों आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।घटना के बाद कुछ देर तक बाजार क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में आए दिन हो रहे विवादों और मारपीट की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।


