36 C
Lucknow
Thursday, May 28, 2026

फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

Must read

 

– जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर, 70 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं हवाएं

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर खतरनाक करवट लेने जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम संबंधी सूचना के अनुसार फर्रुखाबाद समेत बहराईच, बलरामपुर, बांदा, भदोही, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, कुशीनगर, सीतापुर, सोनभद्र और उन्नाव जिलों में तेज हवाओं और आंधी का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तथा कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा टीन शेड के आसपास खड़े होने से बचें। किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने चेतावनी दी है कि आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं। लोगों से कहा गया है कि मोबाइल फोन को चार्जिंग पर लगाकर इस्तेमाल न करें तथा बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखें। खराब मौसम के दौरान पक्के भवनों में रहने और वाहन चलाते समय सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने पशुपालकों को भी अलर्ट करते हुए कहा है कि पशुओं को खुले स्थानों पर न बांधें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। इसके साथ ही लोगों से “सचेत” और “दामिनी” ऐप का इस्तेमाल करने की अपील की गई है ताकि मौसम और बिजली गिरने से जुड़ी तत्काल जानकारी मिल सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कंट्रोल रूम और राहत टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article