प्रयागराज।योगी आदित्यनाथ ने एक बड़े कार्यक्रम के दौरान अपराधियों और मनचलों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि “बेटियों से छेड़छाड़ करने वालों को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।” मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज है। योगी ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता सुरक्षा, सुशासन और कानून का राज स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि अब उत्तर प्रदेश बदल चुका है और यहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। योगी ने कहा कि “नई यूपी की पहचान विकास, सुरक्षा और निवेश से हो रही है, न कि भय और माफियाराज से।”
प्रयागराज को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहर अब केवल शिक्षा और आस्था का केंद्र नहीं बल्कि विकास का नया मॉडल बन रहा है। उन्होंने महाकुंभ की तैयारियों, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और नगर निगम के कार्यों की जमकर सराहना की। योगी ने कहा कि प्रयागराज ने बीते वर्षों में एक नई पहचान बनाई है जहां संस्कृति, आध्यात्म और आधुनिक विकास एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम ने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने प्रयागराज को माफिया और अवैध कब्जों से मुक्त कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले जिन इलाकों में अपराधियों का दबदबा था, वहां अब सड़कें, पार्क, फ्लाईओवर और सार्वजनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के प्रयासों से प्रयागराज तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में उभर रहा है।


