प्रयागराज। अब्बास अंसारी ने अपनी हिस्ट्रीशीट खोले जाने के मामले में ईलाहाबाद हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की है। इस याचिका में गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक को पक्षकार बनाया गया है।
मामला गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में खोली गई हिस्ट्रीशीट से जुड़ा हुआ है। अब्बास अंसारी की ओर से कोर्ट में कहा गया है कि हाईकोर्ट पहले ही एसपी गाजीपुर को मामले में पुनर्विचार कर निर्णय लेने का आदेश दे चुका था, लेकिन आदेश के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना की गई है, जिसके चलते अदालत की अवमानना का मामला बनता है। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक और कानूनी हलकों में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि अब्बास अंसारी पहले भी कई मामलों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं और उनकी हिस्ट्रीशीट खोले जाने का मुद्दा राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बना हुआ है। अब इस मामले में हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।


