इटावा।दूध व्यापारी की संदिग्ध मौत के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर मैनपुरी रोड जाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
मृतक की पहचान रंजीत के रूप में हुई है, जिसका शव बीहड़ क्षेत्र में फंदे से लटका मिला था। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिवार के लोग हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चर्च के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खुल सका। मामला सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।


