फर्रुखाबाद। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में आगामी दो से तीन दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं, वहीं 28 और 29 मई को तेज आंधी-तूफान, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को उष्ण रात्रि की स्थिति बनी रह सकती है। दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। इसके बाद 28 और 29 मई को तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है। विभाग ने बताया कि आंधी के दौरान हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण कमजोर पेड़, कच्चे मकान, टीन शेड और होर्डिंग क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की संभावना है। खेतों में खड़ी फसलें, आम और सब्जी की खेती को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं वज्रपात के चलते जनहानि और पशुहानि का भी खतरा बना रहेगा।
जनसामान्य से अपील की गई है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस व नींबू पानी का सेवन करें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों को सहारा देने, जल निकासी की व्यवस्था रखने तथा मौसम सामान्य होने तक कीटनाशक और उर्वरक के छिड़काव से बचने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


