कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप, पूरी गृहस्थी जलकर राख; गांव में पसरा मातम
कंपिल/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। झोपड़ी में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आकर दो वर्षीय मासूम बच्ची की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी झोपड़ी धू-धू कर जल उठी और उसमें रखा समस्त गृहस्थी का सामान राख में तब्दील हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उर्वेश कुमार यादव का परिवार मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे झोपड़ी के अंदर विश्राम कर रहा था। भीषण गर्मी के चलते परिवार के सदस्य—उर्वेश कुमार, उनकी पत्नी सरिता, पुत्रियां रूद्र प्रभा व दो वर्षीय कुसुम प्रभा, पिता जदुवीर तथा माता जदुरानी—सभी झोपड़ी में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी के पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआत में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की तपिश महसूस होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन भगदड़ के बीच मासूम कुसुम प्रभा झोपड़ी के अंदर ही रह गई। जब तक परिजन उसे बचाने के लिए दोबारा अंदर जाने की कोशिश करते, तब तक आग पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते मासूम बच्ची जिंदा जल गई। यह मंजर देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
इस हादसे में उर्वेश कुमार की वृद्ध माता जदुरानी भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए भेजा गया। वहीं झोपड़ी में रखा गेहूं, कपड़े, चारपाई, बर्तन समेत अन्य आवश्यक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे परिवार के सामने अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नलों व बाल्टियों के पानी से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी गांव पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका, जिससे राहत कार्य में कठिनाई आई।
सूचना पाकर थानााध्यक्ष नितिन चौधरी और क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानााध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। हर आंख नम है और परिजन बदहवास हालत में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि इस दुख की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।


