फर्रुखाबाद। नौतपा के असर ने जनपद में गर्मी को विकराल रूप दे दिया है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सूरज की तपिश इतनी तेज रही कि सुबह 10 बजे तक ही वातावरण दोपहर जैसा महसूस होने लगा। सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और प्रमुख बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।
भीषण गर्मी और लू के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय नगर की मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम भीड़ दिखाई दी। दुकानदार भी ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। राहगीर सिर पर कपड़ा बांधकर और पानी की बोतल लेकर निकलते दिखे।
मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग की ओर से सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत जारी की गई है। चिकित्सकों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और लू से डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।
उधर बिजली की बढ़ती खपत के कारण कई इलाकों में लो-वोल्टेज और कटौती की समस्या भी सामने आने लगी है। गर्मी से परेशान लोगों का कहना है कि दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर दोपहर के समय काम बंद करने को मजबूर हैं। पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। तालाब और जलस्रोत सूखने लगे हैं, जिससे पानी का संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में तापमान में कमी नहीं आई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल नौतपा की तपिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
नौतपा की भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बाजारों में पसरा सन्नाटा


