– गुड़गांव देवी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में पहुंचे राज्य मंत्री
– होटल राजपूताना में हुआ स्वागत समारोह
– सांसद मुकेश राजपूत के भतीजे सेम टी उनके पुत्र अर्पित के प्रतिष्ठानों पर भी पहुंचे मंत्री
यूथ इंडिया | फर्रुखाबाद
प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत के मंत्री बनने के बाद प्रथम जनपद आगमन पर फर्रुखाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। खुदागंज स्थित काली नदी पुल पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद वह खुदागंज और कमालगंज होते हुए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत के आवास पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया।
ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार आम जनता को राहत देने और बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, हालांकि 45 से 50 डिग्री तापमान के दौरान अत्यधिक लोड बढ़ने से कहीं-कहीं बाधाएं आती हैं, लेकिन पिछली सरकारों की तुलना में योगी सरकार ने निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का काम किया है।
उन्होंने स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से पोस्टपेड किए जाने के निर्णय को “ऐतिहासिक फैसला” बताते हुए कहा कि इससे गरीब और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले लागू व्यवस्था को दोबारा लागू कर सरकार ने जनता की भावनाओं का सम्मान किया है। मंत्री ने साफ कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल गलत पाया जाता है तो उसकी जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार जनता को हर संभव राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, सांसद प्रतिनिधि राहुल राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, ब्लॉक प्रमुख राजेपुर डॉ. पल्लव सोमवंशी, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत, खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह क्षत्रिय महासभा के नेता राघवेंद्र सिंह वीरेंद्र सिंह राठौड़ तथा जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


