35.2 C
Lucknow
Saturday, July 11, 2026

गुजरात के राजकोट में बस पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 20 लोग घायल

Must read

राजकोट: गुजरात (Gujarat) के राजकोट (Rajkot) जिले के गोंडल कस्बे के पास सोमवार तड़के धार्मिक स्थलों की यात्रा करा रही एक निजी बस पलट जाने से एक महिला और उसकी बहू की मौत हो गई और करीब 20 अन्य लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना गोंडल तालुका के वोराकोटदा गांव के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब संकरी एक लेन वाली सड़क पर बस चालक ने सामने से आ रहे एक ट्रक को रास्ता देने के लिए बस को पीछे की ओर मोड़ने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, बस में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे, जो रविवार सुबह बागदाना सहित धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए गोंडल से रवाना हुए थे। यह घटना सोमवार को श्रद्धालुओं के लौटते समय हुई। राजकोट ग्रामीण के सहायक पुलिस अधीक्षक प्रखर कुमार ने बताया कि वाहन को पीछे मोड़ते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस एलिवेटेड रोड के नीचे स्थित सड़क किनारे के खेत में पलट गई।

उन्होंने कहा, सड़क संकरी है और दोनों वाहन एक साथ पार नहीं कर सकते। बस चालक ने ट्रक को रास्ता देने के लिए बस को पीछे किया, लेकिन दूरी का गलत अनुमान लगा लिया, जिसके कारण वाहन खेत में पलट गया। खिड़की के पास बैठी दो महिलाओं को बस के पलटने से सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

प्रखर कुमार ने बताया कि लगभग 20 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य बाल-बाल बच गए। मृतकों की पहचान शांताबेन मकवाना और उनकी बहू मंजुबेन मकवाना के रूप में हुई है, दोनों गोंडल की निवासी थीं। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article