मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति की हत्या उसकी पत्नी, साली और उनके प्रेमियों द्वारा मिलकर कर दी गई। मृतक पवन कुमार ठाकुर को पहले घर में बंधक बनाया गया और फिर बेरहमी से करंट लगाकर और जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, पत्नी आंचल ने अपनी बहन शिखा के साथ मिलकर एक सप्ताह पहले ही इस हत्या की साजिश रच ली थी। दोनों ने अपने-अपने प्रेमियों अंकित और अजय दिवाकर को भी इस योजना में शामिल किया। शनिवार शाम जैसे ही पवन घर पहुंचा, उसे बंधक बनाकर डंडों से पीटा गया और फिर उसे बिजली का करंट दिया गया। इसके बाद जबरन जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या को हादसा दिखाने की भी कोशिश की गई। आरोपियों ने पवन को सीढ़ियों से गिराकर आत्महत्या जैसा रूप देने का प्रयास किया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट और जहर दोनों की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया और पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों का आरोप है कि यह पूरी साजिश संपत्ति और अवैध संबंधों के चलते रची गई थी। बताया गया कि पवन के पास गांव में करीब दस बीघा जमीन और मकान था, जिस पर पत्नी की नजर थी। हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।


