यूथ इंडिया | फर्रुखाबाद
साईं मंदिर अमेठी कोहना में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक श्रद्धालु की जेब से मोबाइल चोरी करते हुए दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। घटना थाना कादरीगेट क्षेत्र की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निर्दोष पुत्र लल्ला एवं कन्हैया पुत्र राकेश निवासी लकूला, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कन्हैया कुछ दिन पहले ही जिला जेल से छूटकर बाहर आया था।
जानकारी के अनुसार रामाश्रय राठौर मंदिर परिसर में मौजूद थे, तभी उनकी जेब से मोबाइल निकालने का प्रयास किया गया। जेब कटने का आभास होते ही उन्होंने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा किया। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम पिनया, सजन, ललुआ, मनुआ, उदय, बेहरा, प्रांशु, कोयला और मोटा बताए, जो मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना साईं धाम निवासी भूपेंद्र सिंह भदौरिया ने तत्काल सीओ सिटी को दी। सूचना के करीब एक घंटे बाद थाना कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि साईं मंदिर में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, जबकि साईं धाम कॉलोनी के कई मकान भी चोरों के निशाने पर आ चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


