अलीगढ़। जिले में महिलाओं से कुंडल लूट की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले दो कुख्यात बदमाश रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। दोनों बदमाशों पर कई लूट की घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने सबसे पहले 17 मई को मडराक थाना क्षेत्र में खेत पर गई महिलाओं को तमंचे के बल पर निशाना बनाया था। इसके बाद 21 मई को गोधा, अतरौली और छर्रा थाना क्षेत्रों में भी महिलाओं से कुंडल लूट की कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी थी।
रविवार दोपहर अतरौली क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी पुष्पा देवी से भी बदमाशों ने तमंचा दिखाकर कुंडल लूट लिए। घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। देर शाम मढौली गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों बदमाश ढेर हो गए।
पुलिस के अनुसार मारे गए बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी रजा और बुलंदशहर निवासी मुबीन के रूप में हुई है। दोनों पर लूट और आपराधिक गतिविधियों के कई मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लगातार हो रही लूट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


