फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान एआरटीओ सुभाष राजपूत और यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार की टीम ने एक डग्गामार बस को पकड़ते हुए उस पर कार्रवाई की। बस सहित संबंधित मामलों में कुल 49 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा करीब 13 अन्य छोटे और बड़े वाहनों का भी चालान किया गया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना परमिट, ओवरलोडिंग, फिटनेस और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वहीं यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भी नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के चलते हाईवे पर वाहन चालकों में खासी हलचल देखी गई और कई लोग अपने दस्तावेज दुरुस्त करते नजर आए। प्रशासन की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।
एआरटीओ व यातायात प्रभारी ने अभियान चलाकर की बड़ी कार्रवाई, डग्गामार बस समेत कई वाहनों पर जुर्माना


