कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 30 समर्थकों पर मुकदमा दर्ज, वीडियो की पेन ड्राइव पुलिस को सौंपी गई
महोबा। अजय राय की मुश्किलें उस समय बढ़ गईं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में उनके समेत 30 समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मामला महोबा जिले का है, जहां नीट की तैयारी कर रही छात्रा से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एवं अधिवक्ता नीरज रावत की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि अजय राय बिना प्रशासनिक अनुमति के 15 से 16 गाड़ियों के काफिले और समर्थकों के साथ पहुंचे थे, जिससे सड़क पर अव्यवस्था फैल गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।तहरीर में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। अधिवक्ता ने इस वीडियो की पेन ड्राइव पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दी है।
यह पूरा मामला उस नीट छात्रा से जुड़ा है, जिसने अपहरण और दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। हालांकि बाद में उसी युवती का कथित तौर पर आरोपी युवक के साथ विवाह करते वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। इसी प्रकरण को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष छात्रा से मिलने महोबा पहुंचे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


