37 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

गाय बचाने पहुंचे दल के साथ मारपीट, पुलिस मौके पर, ग्रामीणों ने किया विरोध

Must read

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर धवलपुर गांव में गुरुवार शाम एक घटना ने तूल पकड़ लिया, जब खुले नाले में गिरी गाय को निकालने पहुंचे लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट के आरोप लगे और बाद में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, आवास विकास कादरी गेट निवासी अनमोल पांडे अपनी टीम के साथ जेसीबी लेकर गांव पहुंचे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि एक गाय खुले नाले में गिर गई है, जिसे बाहर निकालने के लिए मदद की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से वे अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां एकत्र हो गए। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर अनमोल पांडे और उनके साथ मौजूद रितेश पाल के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों को चोटें आईं।
घटना के बाद अनमोल पांडे अपने साथियों के साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एक युवक को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।
इधर, हिरासत में लिए गए युवक के समर्थन में गांव के प्रधान नरोत्तम राजपूत और अन्य ग्रामीणों ने विरोध जताया। उन्होंने चिलसरा रोड पर बैठकर प्रदर्शन किया और युवक को छोड़ने की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
प्रधान नरोत्तम राजपूत ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना ठोस कारण के गांव के युवक को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, थाना प्रभारी अजब सिंह के अनुसार, मौके पर पहुंचे लोगों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हुआ था। हिरासत में लिए गए युवक के बारे में उन्होंने बताया कि वह नशे की हालत में था और मेडिकल परीक्षण के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article