फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) द्वारा विकास भवन फतेहगढ़ के बाहर शुद्ध पेयजल के लिए प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस पहल से विकास भवन आने वाले लोगों और राहगीरों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्याऊ के उद्घाटन के दौरान सीडीओ ने कहा कि बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं, ऐसे में उनके लिए पेयजल की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक थी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्याऊ की नियमित साफ-सफाई और पानी की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को निरंतर शुद्ध पानी मिलता रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में यह व्यवस्था काफी राहत देने वाली साबित होगी। अब लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें मौके पर ही ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान विकास भवन परिसर में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी इस जनहितकारी कार्य की सराहना की और इसके सुचारू संचालन में सहयोग का भरोसा दिलाया।
सीडीओ ने किया प्याऊ का शुभारंभ, भीषण गर्मी में आमजन को मिलेगी राहत


