फर्रुखाबाद। सड़क दुर्घटना के बाद विवाद और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला पांचाल घाट क्षेत्र का है, जहां ई-रिक्शा से टक्कर लगने का विरोध करना बाइक सवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने अपने परिजनों और साथियों को बुलाकर पीड़ित के साथ जमकर मारपीट की। मामले में पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सुमित कुमार पुत्र अवधेश सिंह निवासी लगुनावरी, पोस्ट पिपरगांव ने बताया कि वह अपने मामा के घर बहादुरपुर कनकापुर से अपने मामा के लड़के के साथ किसी काम से बाग लकूला जा रहा था। इसी दौरान पांचाल घाट के निकट पराग डेरी के पास अचानक ई-रिक्शा चालक पिंटू पुत्र बबलू ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने टक्कर का विरोध किया तो पिंटू ने अभद्रता शुरू कर दी और अपने ताऊ अमलेश दुबे तथा उनके पुत्र विकास, पंकज, विवेक समेत करीब पांच अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़ित और उसके मामा के लड़के के साथ मारपीट की और गाली-गलौज की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए नाबालिग ई-रिक्शा चालक पिंटू को हिरासत में ले लिया। पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


